विदेश से लौटते ही एयरपोर्ट पर गिरफ्तारी, दाऊद के पूर्व सहयोगी अख्तर मर्चेंट पर कसा शिकंजा
admin • 18 Aug 2026, 7:09 am
नई दिल्ली: अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के कथित पूर्व सहयोगी और पिछले करीब तीन साल से फरार चल रहे 60 वर्षीय अख्तर मर्चेंट को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है। केंद्रीय एजेंसियों और महाराष्ट्र पुलिस की क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में मर्चेंट को विदेश से भारत लौटते ही हिरासत में लिया गया। अख्तर मर्चेंट के खिलाफ 2023 में ठाणे जिले के मीरा रोड स्थित काशीमीरा इलाके में हुई बेकरी फायरिंग और जबरन वसूली के मामले में केस दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर एक गुटखा कारोबारी से रंगदारी मांगने का आरोप है। रंगदारी से इनकार पर बेकरी में फायरिंग का आरोप पुलिस के अनुसार, मर्चेंट ने निसार अहमद शेख उर्फ ‘पप्पू पेजर’ के साथ मिलकर कारोबारी से रंगदारी मांगी थी। आरोप है कि जब कारोबारी ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो उसे डराने के लिए बेकरी में फायरिंग कराने की साजिश रची गई और एक शूटर को भेजा गया। हालांकि, हथियार में खराबी आने के कारण फायरिंग का प्रयास सफल नहीं हुआ और इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। मामले में निसार अहमद शेख को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इंटरपोल ने जारी किया था रेड कॉर्नर नोटिस अख्तर मर्चेंट के लगातार फरार रहने के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई तेज की गई। पुलिस को इंटरपोल के माध्यम से उसके विदेश में होने की जानकारी मिली थी। इसी आधार पर उसकी भारत वापसी पर नजर रखी जा रही थी। इसी महीने इंटरपोल ने मर्चेंट के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया था। इसके बाद एजेंसियां उसकी भारत वापसी को लेकर अलर्ट थीं। जैसे ही वह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा, सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस की टीम ने उसे हिरासत में ले लिया। मकोका समेत गंभीर धाराओं में मामला मर्चेंट के खिलाफ काशीमीरा थाने में IPC, आर्म्स एक्ट और महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां अब उससे पूछताछ कर रही हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान रंगदारी, बेकरी फायरिंग और उसके कथित अंडरवर्ल्ड कनेक्शन से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।