Mumbai: आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं दहीहंडी उत्सव के मद्देनजर गोविंदा पथकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मुंबई महानगरपालिका के अस्पतालों में विशेष चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), मुंबई की ओर से की गई है।
इस संबंध में भाजयुमो मुंबई अध्यक्ष दीपक सिंह के नेतृत्व में मुंबई की महापौर ऋतु तावडे को एक निवेदन सौंपा गया। निवेदन में दहीहंडी उत्सव के दौरान संभावित दुर्घटनाओं और चोटों को देखते हुए अस्पतालों में पहले से पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं तैयार रखने की मांग की गई है।
भाजयुमो की ओर से कहा गया कि दहीहंडी महाराष्ट्र की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा के साथ-साथ साहस और खेल भावना से जुड़ा महत्वपूर्ण उत्सव है। इस दौरान बड़ी संख्या में गोविंदा मानव पिरामिड बनाकर दहीहंडी फोड़ने में हिस्सा लेते हैं। ऊंचाई से गिरने अथवा अन्य दुर्घटनाओं के कारण गोविंदाओं के घायल होने की आशंका बनी रहती है।
4 और 5 सितंबर को विशेष व्यवस्था की मांग
निवेदन में 4 और 5 सितंबर 2026 को दहीहंडी उत्सव के दौरान मुंबई महानगरपालिका के अस्पतालों में गोविंदाओं के लिए विशेष वार्ड और पर्याप्त संख्या में बेड आरक्षित रखने की मांग की गई है।


इसके साथ ही आवश्यकता के अनुसार विशेष चिकित्सा दल तैनात करने, पर्याप्त दवाइयां और उपचार सामग्री उपलब्ध रखने तथा अस्पतालों की आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को पूरी तरह तैयार रखने की मांग भी की गई है।
भाजयुमो मुंबई ने कहा कि दहीहंडी उत्सव का उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक परंपरा कायम रखते हुए प्रत्येक गोविंदा की जान, स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
संगठन ने मुंबई महानगरपालिका प्रशासन से संबंधित अस्पतालों और स्वास्थ्य विभाग को तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दहीहंडी से पहले समुचित चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपेक्षा व्यक्त की है।