भारत की वोटर ID व्यवस्था के मुरीद हुए ट्रंप, CEC ज्ञानेश कुमार का किया जिक्र
admin • 18 Aug 2026, 12:25 pm
वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका में चुनाव के दौरान वोटर ID को अनिवार्य करने की जोरदार वकालत की है। ट्रंप ने भारत की चुनाव व्यवस्था का उदाहरण देते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत में मतदाताओं के लिए वैध फोटो पहचान पत्र की व्यवस्था है, जबकि अमेरिका में बिना फोटो ID के मतदान की अनुमति पर सवाल उठते हैं। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर कहा कि इसी महीने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने उनके प्रशासन से सवाल किया था कि अमेरिका में बिना वैध फोटो पहचान पत्र के चुनाव कैसे कराए जाते हैं। ट्रंप ने भारत के हालिया आम चुनाव का आंकड़ा देते हुए कहा कि करीब 64 करोड़ 60 लाख लोगों ने मतदान किया और एक प्रतिशत से भी कम मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट का इस्तेमाल किया। ट्रंप ने इस उदाहरण के जरिए अमेरिका में SAVE America Act को पारित करने की जरूरत बताई। प्रस्तावित कानून के तहत मतदाता पंजीकरण के समय अमेरिकी नागरिकता का प्रमाण देना अनिवार्य करने और देशभर में वोटर ID व्यवस्था लागू करने की मांग की गई है। ट्रंप का दावा है कि इससे चुनावी धोखाधड़ी पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। हालांकि, SAVE America Act को लेकर अमेरिका में रिपब्लिकन और डेमोक्रेट्स के बीच मतभेद कायम हैं। सीनेट के अवकाश पर जाने के कारण इस कानून को आगे बढ़ाने की दिशा में फिलहाल कोई ठोस प्रगति नहीं हो सकी है। ट्रंप के बयान का भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी समर्थन किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर ट्रंप की बात से सहमति जताई।